पश्चिम बंगाल में सोमवार को होगा मंत्रिमंडल विस्तार, 35 नए मंत्री लेंगे शपथ : शुभेंदु अधिकारी

 


कोलकाता, 31 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन सोमवार को होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार के तहत 35 नए मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे।

मुख्यमंत्री ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता के जनादेश से बनी सरकार का पूर्ण मंत्रिमंडल सोमवार को आकार लेगा। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे लोक भवन में आयोजित समारोह में 35 मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। राज्यपाल आरएन रवि उन्हें शपथ दिलाएंगे।

गौरतलब है कि, चार मई को हुए सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार राज्य में भाजपा की सरकार बनी थी। इसके बाद 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पद की शपथ ली थी। उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निसिथ प्रमाणिक, क्षुदीराम टुडू ने भी शपथ ग्रहण किया था। तभी से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा जारी थी।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ अलग-अलग बैठकें की थीं। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई थीं। अब जून के पहले दिन इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित राज्य मंत्रिमंडल में छह सदस्य हैं। सोमवार को 35 नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद मंत्रिमंडल की कुल संख्या 41 हो जाएगी। संविधान के प्रावधानों के अनुसार, किसी राज्य में मंत्रियों की संख्या विधानसभा की कुल सदस्य संख्या के 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में अधिकतम 44 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल गठन में समय लेने के पीछे क्षेत्रीय संतुलन और सभी जिलों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति प्रमुख कारण रही है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों और जिलों को सरकार में उचित भागीदारी मिले।

माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर सकते हैं। हालांकि भाजपा के 208 विजयी विधायकों में से किन नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर