काेर्ट का रक्षाकवच हटते ही तृणमूल सांसद अभिषेक के सहायक सुमित राय गिरफ्तार
कोलकाता, 10 सितंबर (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय से रक्षाकवच हटने के कुछ ही देर बाद पश्चिम बंगाल सीआईडी और एसटीएफ ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के सहायक सुमित राय को गिरफ्तार कर लिया। शालबनी जमीन भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तारी के बाद सुमित राय को पूछताछ के लिए भवानी भवन ले जाया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में सुमित राय की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने यह भी कहा कि सुमित राय भाई को का मेन कलेक्टर (वसूली करने वाला) था।
गुरुवार को उच्चतम न्यायालय द्वारा सुमित राय को मिली कानूनी सुरक्षा समाप्त किए जाने के बाद जांच एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। कुछ ही समय में सीआईडी और एसटीएफ की एक बड़ी टीम कालीघाट स्थित 121, कालीघाट रोड पहुंची। जांच अधिकारियों को सूचना मिली थी कि सुमित राय उस समय अभिषेक बनर्जी के आवास पर मौजूद हैं। इसके बाद अधिकारी वीडियोग्राफर के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों के पहुंचने पर आवास के मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला। इसके बाद अधिकारियों ने आवाज देकर गेट खुलवाया। आरोप है कि अंदर प्रवेश के दौरान सुरक्षा कर्मियों के साथ अधिकारियों की धक्का-मुक्की भी हुई। सुरक्षा व्यवस्था को पार करते हुए सीआईडी अधिकारी परिसर के भीतर दाखिल हुए।
अंदर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने सुमित राय को घेर लिया और काफी देर तक उससे पूछताछ की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जांच एजेंसियों की गाड़ी में बैठाया गया। पूरी कार्रवाई की सीआईडी की ओर से वीडियोग्राफी भी कराई गई। शालबनी जमीन मामले में सुमित राय से आगे पूछताछ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर