नड्डा 16 अगस्त को बंगाल में शुरू करेंगे आयुष्मान भारत सेवाएं

 


कोलकाता, 13 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आगामी 16 अगस्त को कोलकाता पहुंचेंगे और आयुष्मान भारत योजना के तहत बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत करेंगे। यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब राज्य में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने वाले हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री 16 अगस्त को नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित आयुष्मान भारत कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहने की संभावना है। राज्य सरकार 16 अगस्त को आयुष्मान दिवस के रूप में मनाएगी और इसी दिन लाभार्थियों के लिए योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएंगी।

सूत्रों के अनुसार, आयुष्मान भारत से जुड़ा एक दूसरा कार्यक्रम भी 17 अगस्त को नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

जेपी नड्डा 16 अगस्त को कोलकाता में भाजपा के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं। इस कार्यक्रम में पार्टी के वक्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिन्हें बाद में 22 से 30 अगस्त तक पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविरों में जिम्मेदारी दी जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) शिव प्रकाश और पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल के भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

जेपी नड्डा का यह दौरा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कोलकाता दौरे से कुछ दिन पहले हो रहा है। शाह के 20 अगस्त को कोलकाता पहुंचने की संभावना है। वह 21 और 22 अगस्त को पार्टी तथा सरकार से जुड़े कई कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।

भाजपा नीत राज्य सरकार 19 अगस्त को अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे करेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इसी महत्वपूर्ण पड़ाव की पृष्ठभूमि में अमित शाह के दौरे की तैयारियां की जा रही हैं। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर