बंगाल में बनी भाजपा सरकार तो महिलाओं को मिलेगी वित्तीय मदद : स्मृति ईरानी

 


कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महिलाओं को साधने के लिए बड़ा चुनावी दांव चला है। पार्टी के घोषणा पत्र के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने घोषणा की है कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो बंगाल की सभी महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये दिए जाएंगे।

बुधवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में स्मृति ईरानी ने साफ तौर पर कहा कि किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा, बंगाल की सभी महिलाओं को 3000 रुपये मासिक सहायता दी जाएगी। यही भाजपा का संकल्प है। उनके इस बयान से पहले पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में केवल निम्न और निम्न मध्यम वर्ग की महिलाओं को यह लाभ देने की बात कही गई थी, जिसे लेकर कई सवाल उठ रहे थे।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और रूपा गांगुली भी मौजूद रहे। नेताओं ने ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ का भी अनावरण किया और प्रतीकात्मक रूप से पांच महिलाओं को यह कार्ड सौंपा गया। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से यह कार्ड घर-घर पहुंचाने का अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें महिलाओं का नाम, पता और फोन नंबर दर्ज किया जा रहा है।

इस दौरान स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता राज में अगर कोई सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं तो वे महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि महिला मुख्यमंत्री के रहते हुए जिस तरह से बंगाल में महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हमले होते हैं वे चिंता बढ़ाने वाले हैं।

इस दौरान पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यह भी कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है वहां महिलाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले ही घोषणा कर दी है कि सरकार बनने पर सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं का सफर मुफ्त होगा और पार्टी महिला सुरक्षा के लिए हर तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आएगी तो किसी महिला को रात को बाहर निकलने में सोचना नहीं होगा। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर