झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री मोदी का झालमुड़ी खरीदना, सब नाटक है : ममता बनर्जी
कोलकाता, 20 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में रविवार को झाड़ग्राम में सभा के समाप्त होने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क किनारे एक दुकान से 10 रुपये की झालमुड़ी खरीकर खाने काे लेकर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखा हमला बोला है। ममता ने सोमवार को बीरभूम के मुरारई की जनसभा से कहा कि यह पूरा घटनाक्रम पहले से तय किया गया नाटक था।
ममता ने आरोप लगाया कि दुकान पर पहले से कैमरा और ध्वनि उपकरण लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल के लोगों ने ही झालमुड़ी बनाई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री जेब में 10 रुपये लेकर चलते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभा में कहा कि दुकान में पहले से सब व्यवस्था कर दी गई थी। कितना नाटक करेंगे? कभी चुनाव के समय गुफा में बैठते हैं, कभी कहते हैं मैं चाय बेचने वाला हूं, अब 10 रुपये निकालकर झालमुड़ी खा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सब स्वाभाविक था, तो दुकान पर पहले से कैमरे कैसे लगे थे। जनता सब समझती है। ममता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपनी सभाओं में बाहर से रेलगाड़ियों के जरिए लोगों को लाते हैं।
उल्लेखनीय है कि, रविवार को झाड़ग्राम की सभा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला हेलिपैड की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक वाहन से उतरकर सड़क किनारे एक दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से झालमुड़ी मांगी। उन्होंने दुकानदार को 10 रुपये भी दिए। इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। प्रधानमंत्री ने स्वयं झालमुड़ी खाने के साथ वहां मौजूद कुछ लोगों को भी खिलाया था।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर