दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप का मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया दौरा
काकद्वीप, 26 अप्रैल (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना जिले में आगामी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से होने की उम्मीद जताई गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने रविवार को काकद्वीप का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और संतोष व्यक्त किया।
दौरे के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस अधीक्षक और विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के साथ बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मीडिया से बातचीत में मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि मैंने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की है और स्थिति संतोषजनक है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से मतदान करें।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मतदाता उपस्थिति 76 से 82 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है और लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लेने की अपील की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा गया है और यदि कोई भी व्यक्ति या समूह चुनाव के दौरान अशांति फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ ने बताया कि हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय