कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भाजपा व तृणमूल पर बाेला हमला, मालदा में किया रोड शो
मालदा, 19 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में रविवार को मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर के समर्थन में एक भव्य चुनावी प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने शिरकत की।
महाराष्ट्र से पश्चिम बंगाल पहुंचे इमरान प्रतापगढ़ी ने जलालपुर हाई स्कूल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उनके आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंच पर जिला कांग्रेस नेतृत्व और उम्मीदवार मौसम नूर ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में इमरान प्रतापगढ़ी ने तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों दलों की नीतियों की आलोचना करते हुए जनता से अपील की कि वे आगामी चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मौसम नूर को भारी मतों से विजयी बनाएं।
जनसभा के बाद इमरान प्रतापगढ़ी ने मालतीपुर क्षेत्र में एक भव्य रोड शो भी किया। इस दौरान सड़कों पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग उमड़ पड़े। लोगों में उन्हें देखने और अपना समर्थन जताने के लिए खासा उत्साह देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा