भगवामय हुआ बंगाल, विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत की ओर भाजपा

 




कोलकाता, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। शाम 5 बजे तक प्राप्त नतीजों और रुझानों में भाजपा पूर्ण बहुमत के आंकड़े से काफी आगे निकलती दिख रही है। 293 सीटों के नतीजों और रुझानों के मुताबिक भाजपा अब तक 18 सीटें जीत चुकी है और 184 सीटों पर आगे है जबकि तृणमूल कांग्रेस 8 सीटों पर विजयी हो चुकी है और 77 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। इसके अलावा आम जनता उन्नयन पार्टी और कांग्रेस दो-दो सीटों पर बढ़त बनाये हुए है जबकि आल इंडिया सेक्युलर फ्रंट तथा मार्कसवादी कम्यूनिष्ट पार्टी एक-एक सीट पर आगे चल रही है।

अब तक प्राप्त नतीजों में भाजपा को पूर्व बर्धमान की मंतेश्वर और भातार, पश्चिम बर्धमान की आसनसोल दक्षिण तथा अलीपुरद्वार जिले की कालिमपांग, दार्जिलिंग, मेदिनिपुर, बुरवान, खड़दह, जगतवल्लभपुर, रानीबांध और जामुड़िया सीटों पर जीत मिली है जबकि तृणमूल को मुर्शिदाबाद जिले की भगवानगोला, मालदा की सुजापुर तथा कोलकाता की मेटियाब्रुज सीटों पर कामयाबी मिली है। चुनाव आयोग के अनुसार, मंतेश्वर सीट पर भाजपा के सैकत पांजा ने राज्य के पूर्व मंत्री और तृणमूल उम्मीदवार सिद्दिकुल्ला चौधुरी को 14,798 मतों से पराजित किया जबकि भातार सीट से भाजपा के कारफा सौमेन 6,528 मतों से विजयी घोषित किये गये हैं। उधर, पश्चिम बर्धमान की आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा की अग्निमित्रा पाल ने 40,839 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की है जबकि कालिपांग सीट से भाजपा के भरत कुमार छेत्री 21,464 मतों से विजयी घोषित किये गये हैं। मेदिनिपुर सीट से पार्टी उम्मीदवार शंकर कुमार गुछैत ने 38747 मतों से जीत हासिल की। उधर दार्जिलिंग से नौमान राय 6057 मतों से विजयी घोषित किये गये हैं। वहीं, तृणमूल को मुर्शिदाबाद की भगवानगोला सीट पर कामयाबी मिली है जहां पार्टी के उम्मीदवार रेयात हुसैन सरकार ने 56,407 वोटों से जीत दर्ज की है।

भवानीपुर में कांटे की टक्कर

कोलकाता की हाई प्रोफाईल भवानीपुर में मुकाबला उतार-चढ़ाव भरा रहा। शुरूआती दौर में पिछड़ने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बढ़त बना ली है। हालांकि, दोपहर बाद दोनों के बीच का अंतर कम होने लगा। ताजा जानकारी के मुताबिक, 13वें राउण्ड की मतगणना के बाद इस सीट से ममता अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से महज पांच हजार मतों से आगे चल रही हैं। हालांकि, ममता कैबिनेट के कई उम्मीदवार लगातार पिछड़ते नजर आ रहे हैं। इनमें मलय घटक, शशि पांजा, उदयन गुह, परेश चंद्र अधिकारी, सुजीत बसु, बीरवाहा हांसदा, राजीव बनर्जी व इंद्रनील सेन का नाम उल्लेखनीय है।

कई हैवीवेट उम्मीदवार पिछड़े तो कई जीत की ओर

अन्य दलों के प्रमुख उम्मीदवारों में काग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधुरी, कोलकाता के पूर्व मेयर व माकपा उम्मीदवार विकास रंजन भट्टाचार्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार मौसम बेनजीर नूर पीछे चल रहे हैं। उधर निर्णायक बढ़त बना चुके प्रमुख भाजपा उम्मीदवारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री निशिथ प्रमाणिक, पूर्व सांसद रूपा गांगुली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, पूर्व सांसद स्वप्न दासगुप्ता, पूर्व सांसद अर्जुन सिंह, राज्य के पूर्व मंत्री तापस राय, संदेशखाली आंदोलन से सुर्खियों में आई रेखा पात्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष तथा आरजीकर पीड़िता की मां शामिल हैं। पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी भी नंदीग्राम सीट से आगे चल रहे हैं। इसके अलावा आईएसएफ प्रमुख नौशाद सिद्दिकी तथा आम जनता उन्नय पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष हुमायुं कबीर आगे चल रहे हैं।

पूर्व और पश्चिम बर्दवान में भाजपा एकतरफा जीत की ओर अग्रसर

पूर्वऔर पश्चिम बर्धमान जिलों में भाजपा ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की हैपूर्व बर्धमान के भातार, मंतेश्वर एवं जामुड़िया सीटों पर भाजपा जीत चुकी है जबकि अन्य कई सीटों पर आगे हैं। पश्चिम बर्धमान के औद्योगिक क्षेत्र आसनसोल - दुर्गापुर की सभी 9 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने लगातार बढ़त बनाये रखी है। जिले की आसनसोल दक्षिण सीट से जहां भाजपा की अग्निमित्रा पाल विजयी घोषित की जा चुकी हैं वहीं रानीगंज, जामुड़िया, कुल्टी, आसनसोल उत्तर, दुर्गापुर पूरब एवं पश्चिम तथा पांडवेश्वर सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार सुबह से लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।

जंगलमहल पर मजबूत हुई भाजपा की पकड़, पुरुलिया और बांकुड़ा में क्लीन स्वीप

जंगलमहल के चार जिलों पश्चिम मेदिनिपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया, और झारग्राम की अधिकांश सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। विकास के दौर में पीछे रहने वाले यह आदिवासी बहुल क्षेत्र परिवर्तन का संकेत देता नजर आ रहा है। पुरुलिया की नौ और बांकुड़ा की सभी 12 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार कामयाब होते दिख रहे हैं। झाड़ग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव आगे चल रहे हैं। इसी तरह पश्चिम मेदिनिपुर की खड़गपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष बढ़त बनाए हुए हैं। सबंग, दासपुर और घाटाल विधानसभा सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवार आगे हैं, जबकि चंद्रकोणा सीट पर दोनों प्रमुख दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

उत्तर बंगाल में भाजपा का शानदार प्रदर्शन जारी

उत्तर बंगाल में पहले से मजबूत रही भाजपा अपनी पकड़ और मजबूत करती दिख रही है। इस क्षेत्र के पांच जिलों दार्जिलिंग, मालदा, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार तथा अलीपुर द्वार में पार्टी शानदार प्रदर्शन करती दिख रही है। इन जिलों की ज्यादातर सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने बढ़त बना रखी है। उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर जिलों में भी भाजपा तृणमूल से आगे है।

राज्य सचिवालय सहित महत्वपूर्ण ठिकानों पर केंद्रीय बलों की तैनाती

इस बीच राज्य में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिलते ही राज्य सचिवालय सहित सभी महत्वपूर्ण ठिकानों पर केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा गड़बड़ी के अंदेशे वाले कुछ और ठिकानों पर भी केंद्रीय बलों की तैनाती की जा रही है।

ममता ने कार्यकर्ताओं से की धैर्य रखने की अपील

इस बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से पूरे धैर्य के साथ मतगणना पर केंद्रों पर डटे रहने का निर्देश दिया है। सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर ममता ने कहा कि कोई भी उम्मीदवार और काउंटिंग एजेंट मतगणना केंद्र ना छोड़े। उन्होंने भाजपा पर साजिश का आराेप लगाते हुए कि जिन स्थानों पर भाजपा आगे है, उन सीटों के बारे में जानकारी दी जा रही है जबकि जहां तृणमूल आगे हो रही है वहां काउंटिंग जानबूझ कर बिलंब की जा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाये हैं।

शुभेंदु ने अल्पसंख्यक वोट बैंक में बिखराव को बताया कामयाबी की वजह

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मुस्लिम वोटों में बंटवारे के कारण ही मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में भी भाजपा को अपेक्षा से बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। सोमवार को मतगणना के दौरान मीडिया से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि शुरुआती रुझानों में भाजपा राज्य में स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बड़ी संख्या में हिंदू मतदाता एकजुट होकर मतदान कर रहे हैं, जबकि मुस्लिम वोट अलग-अलग दलों में बंट गए हैं। कई स्थानों पर मुस्लिम मतदाताओं ने अन्य दलों को समर्थन दिया, वहीं कुछ क्षेत्रों में भाजपा को भी मुस्लिम वोट मिले हैं। उल्लेखनीय है कि मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे मुस्लिम बहुल जिलों में भी भाजपा को उल्लेखनीय कामयाबी मिली है। मालदा की 12 सीटों में से छह पर भाजपा आगे है, जबकि मुर्शिदाबाद की 22 सीटों में से आठ और उत्तर दिनाजपुर की नौ सीटों में से चार पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप