रोजगार, 15 लाख और काले धन को लेकर ममता ने पीएम माेदी पर बाेला हमला
कूचबिहार, 17 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कूचबिहार के रासमेला मैदान में आयोजित जनसभा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गलत बयानी के आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि जब तक आप यहां हैं, कृपया झूठ कम बोलिए। साथ ही प्रधानमंत्री काे संबाेधित करते हुए कहा कि मैं लोकतंत्र के माध्यम से आपसे तीन सवाल पूछ रही हूं।
उन्होंने पहला सवाल किया कि सत्ता में आने से पहले आपने हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज 12 वर्ष बीत गए, कितनों को नौकरी मिली? उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे में एक गैंगमैन तक नहीं है। रेलवे, विमानन तथा जीवन बीमा निगम जैसी संस्थाओं को बेचा जा रहा है। दूसरा सवाल किया कि चुनाव से पहले हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन किसी को कुछ नहीं मिला। तीसरे सवाल किया कि नोटबंदी कर काला धन वापस लाने की बात कही गई थी, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ।
ममता बनर्जी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बहुत राष्ट्रीय नागरिक पंजी कर लिया गया, पहले अपनी सरकार संभालिए। कूचबिहार के राजवंशी समुदाय के लोगों को असम से राष्ट्रीय नागरिक पंजी के नोटिस भेजे गए हैं। अब कहा जा रहा है कि चुनाव के लिए बाहर से लोगों को ट्रेन से लाया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों की मदद से बाहरी लोगों को राज्य में प्रवेश दिलाने की कोशिश की जा रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि दूसरे राज्यों में भी बाहर से लोगों को लाकर मतदान कराया गया और अब पश्चिम बंगाल में भी ऐसी कोशिश हो रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार