भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी ने दाखिल किया नामांकन, समर्थकों के साथ पहुंचीं अलीपुर सर्वे भवन

 


कोलकाता, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को भवानीपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सुबह लगभग 10:45 बजे वह अपने आवास से पैदल निकलकर अलीपुर स्थित सर्वे भवन पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ पार्टी समर्थकों और नेताओं की बड़ी रैली भी मौजूद रही।

नामांकन के समय उनके साथ कोलकाता के मेयर एवं राज्य के मंत्री फिरहाद हाकिम, पार्षद तथा मुख्यमंत्री के भाई स्वप्न बनर्जी, कार्तिक बनर्जी, भाभी कजरी बनर्जी सहित कई नेता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री की रैली को देखते हुए पुलिस ने भीड़ नियंत्रण के लिए सड़क के एक हिस्से को गार्डरेल से घेर दिया था। मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। इस दौरान ममता बनर्जी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करती हुई आगे बढ़ीं। रैली में शामिल तृणमूल कार्यकर्ता ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाते नजर आए। वहीं, सड़क किनारे खड़ी महिला कार्यकर्ताओं ने शंख बजाकर और उलुध्वनि कर उनका स्वागत किया।

अलीपुर सर्वे भवन पहुंचकर मुख्यमंत्री ने अपना नामांकन पत्र जमा किया। उनके नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया जारी है। भवानीपुर सीट के बहु-सांस्कृतिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए उनके प्रस्तावकों की सूची में विभिन्न धर्मों, भाषाओं और समुदायों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावकों में फिरहाद हकीम की पत्नी इस्मत (रूबी) हकिम, राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री कोयल मलिक के पति निसपाल सिंह राणे, वार्ड 71 के तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू सिंह तथा भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी के मीरज शाह शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि, भवानीपुर विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी चुनावी मैदान में हैं। इसलिए यहां मुकाबला दिलचस्प होगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर