नदिया जिले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया रोड शो
आसनसोल, 26 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान में दूसरे चरण का मतदान करीब हैं और चुनाव प्रचार पूरे जोर-शोर से चल रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को नदिया जिले में रोड शो किया। इस रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पूरा भारत नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने इस चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है और भाजपा इसमें नेतृत्व कर रही है। उनके अनुसार, राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं से ज्यादा आम लोग सड़कों पर उतरकर समर्थन जता रहे हैं।
नितिन नवीन ने दावा किया कि अब घर-घर में एक ही बात कही जा रही है - “इस बार मोदीजी को वोट दें।” उन्होंने कहा कि यह जनता की जीत होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल लंबे समय से अशांत रहा है, जहां महिलाएं और युवा अत्याचार का शिकार होते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चार मई एक नई सुबह लेकर आएगा और पश्चिम बंगाल की जनता नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा