बंगाल चुनाव के बीच अमित शाह ने भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा

 


कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार सुबह कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय का दौरा किया। वह सुबह लगभग 10 बजे कार्यालय पहुंचे और दोपहर 2:30 बजे तक वहां मौजूद रहकर संगठनात्मक तथा चुनाव संबंधी गतिविधियों की समीक्षा करते रहे।

सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने कार्यालय में विभिन्न विभागों का दौरा कर चुनाव प्रबंधन, बूथ स्तर की तैयारियों और संगठन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न इकाइयों के सदस्यों के साथ बैठक कर उनके कार्यों की जानकारी ली।

बताया गया कि शाह ने चुनाव के पहले चरण की मतदान प्रक्रिया पर भी सीधे नजर रखी। उन्होंने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से मिल रही सूचनाओं, मतदान प्रतिशत, जमीनी हालात और मतदाता भागीदारी की समीक्षा की। पार्टी के वॉर रूम से जुड़े पदाधिकारियों के साथ संवाद कर उन्होंने आवश्यक रणनीतिक दिशा-निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और चुनावी दौर में अनुशासन, समन्वय तथा मतदाता संपर्क को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही चुनावी सफलता की कुंजी हैं।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल में निर्णायक जनादेश हासिल करने के लक्ष्य को लेकर पार्टी शीर्ष नेतृत्व लगातार चुनावी गतिविधियों की निगरानी कर रहा है। अमित शाह का यह दौरा उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

गौरतलब है कि, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 16 जिलाें के 152 सीटों पर मतदान हुआ। ऐसे समय में केंद्रीय नेतृत्व की सक्रियता को भाजपा के चुनाव अभियान के लिए अहम माना जा रहा है।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर