पश्चिम बंगाल : हुगली में अमित शाह की मेगा रैली, कोन्ननगर में जुटेंगे हजारों समर्थक

 


हुगली, 23 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में हुगली जिले के कोन्ननगर में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक बड़ी जनसभा आयोजित होने जा रही है। इस रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। यह जनसभा उत्तरपाड़ा और श्रीरामपुर विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार दीपांजन चक्रवर्ती और भास्कर भट्टाचार्य के समर्थन में आयोजित की जा रही है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में करीब 24 हजार समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। सभा को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल आलकाली ग्राउंड में विशेष हेलिपैड बनाया गया है, जहां अमित शाह के पहुंचने की व्यवस्था की गई है। साथ ही कोन्ननगर, उत्तरपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों को भाजपा के झंडों और बैनरों से सजाया गया है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ देखा जा सकता है।

राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही इस रैली को भाजपा के लिए चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि इस जनसभा के जरिए मतदाताओं तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकेगी।

सभा स्थल पर भाजपा के श्रीरामपुर जिलाध्यक्ष सुमन घोष, मीडिया प्रभारी जसवंत सिंह, जिला भाजपा नेता पंकज राय, राजेश सिंह, संजय पांडेय, मनोज माझी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और अंतिम तैयारियों का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय