कोलकाता में अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर बाइक रैली में शामिल हुए दिलीप घोष
कोलकाता, 07 जून (हि. स.)। कोलकाता में अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रविवार को कोलकाता पुलिस और अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर से एक विशेष बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में भाजपा नेता दिलीप घोष भी शामिल हुए।
रैली की शुरुआत अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से हुई। इसके बाद बाइक सवारों ने विक्टोरिया मेमोरियल, प्रिंसेप घाट और लालबाजार का चक्कर लगाया और फिर वापस अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पहुंचकर रैली का समापन किया।
कार्यक्रम में अमेरिकी महावाणिज्यदूत कैथी जाईलश-डियाज, अमेरिकी सैनिकों के साथ कोलकाता पुलिस के महिला और पुरुष अधिकारी भी मौजूद रहे। रैली में अमेरिकी कंपनी की प्रसिद्ध हार्ले-डेविडसन मोटरसाइकिलों का उपयोग किया गया।
इस अवसर पर दिलीप घोष ने कहा कि भविष्य में भारत और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में सुपरबाइक चलाने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छी और सुरक्षित सड़कें बनने से देश-विदेश की विभिन्न सुपरबाइकों को यहां चलाने का अवसर मिलेगा।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता