उपराष्ट्रपति ने किया 'संकल्प से सिद्धि का मोदी युग' पुस्तक का विमोचन

 


- राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी की लिखी पुस्तक में पीएम मोदी के कार्यकाल का लेखा-जोखा

नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गुरुवार को भवन में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी द्वारा लिखित पुस्तक 'संकल्प से सिद्धि का मोदी युग' का विमोचन किया।

'संकल्प से सिद्धि का मोदी युग' पुस्तक के शीर्षक को एक सशक्ती और प्रेरणादायक संदेश से परिपूर्ण बताते हुए, सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि संकल्प केवल एक इच्छा मात्र नहीं है, बल्कि यह समर्पण, कड़ी मेहनत और अनुशासन पर आधारित एक दृढ़ निश्चय है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पिछले बारह वर्षों की भारत की यात्रा को रेखांकित करती है, जिसमें प्रशासनिक सफलताओं के साथ-साथ एक वैचारिक पुनर्जागरण भी शामिल है, और यह इस पूरी यात्रा को 'विकसित भारत @ 2047' के विजन के संदर्भ में प्रस्तुत करती है।

उपराष्ट्रपति ने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह पुस्तक हमारी समकालीन शासन व्यवस्था को स्वामी विवेकानंद, रवींद्रनाथ टैगोर, केशव बलिराम हेडगेवार, वीर सावरकर और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान राष्ट्रीय विचारकों के विचारों और आदर्शों से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने इस तथ्य पर ध्यान आकृष्ट किया कि लेखक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सही मायनों में 'सेतु पुरुष' - यानी सपनों और वास्तविकता के बीच का सेतु के रूप में वर्णित किया , जो इन महान विचारकों के 'संकल्प' और आज के भारत में उसकी 'सिद्धि' के बीच की कड़ी को दर्शाता है।

सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि यह पुस्तक 'राष्ट्र प्रथम', एकात्म मानववाद और अंत्योदय, राष्ट्रीय अखंडता, सामाजिक व आर्थिक न्याय, महिला-नेतृत्व वाले विकास, आत्मनिर्भर शिक्षा और पारदर्शी शासन की भावना को एक साथ लाती है। उन्होंने कहा कि यह कृति शासन की विभिन्न पहलों को शाश्वत राष्ट्रीय विचारों को मूर्त रूप प्रदान करने के एक प्रयास के रूप में प्रस्तुत करती है, तथा पाठकों को भारत की विकास यात्रा पर चिंतन करने एवं पूर्ण आत्मविश्वास तथा आशावाद के साथ भविष्य की ओर देखने के लिए प्रेरित करती है।

इस अवसर पर केंद्रीय विधि और न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री तथा संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सांसद व लेखक घनश्याम तिवाड़ी, राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया और प्रभात प्रकाशन के पवन कुमार भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी