पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का नया आवास एक दिसंबर से होगा सागर अपार्टमेंट
नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एक दिसंबर से यहां तिलक मार्ग स्थित सागर अपार्टमेंट में रहेंगे। पात्रता के अनुसार आधिकारिक आवास आवंटित होने तक उन्होंने इस आवास में रहने की जानकारी दी है।
पूर्व उपराष्ट्रपति के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर उनके निजी सचिव अभ्युदय सिंह शेखावत की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि धनखड़ का नया पता सागर अपार्टमेंट का फ्लैट संख्या 8ए, छह तिलक मार्ग, इंडिया गेट के पास, नई दिल्ली होगा।
जगदीप धनखड़ ने 11 अगस्त, 2022 को भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले वह पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और राजस्थान के झुंझुनू से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 21 जुलाई, 2025 को स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल अगस्त, 2027 तक निर्धारित था।
उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए उन्होंने राज्यसभा के सभापति के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। इससे पहले वह राजस्थान विधानसभा के सदस्य और केंद्र सरकार में संसदीय कार्य राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। पेशे से वकील रहे धनखड़ ने राजस्थान उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में भी वकालत की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर