इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए उपराष्ट्रपति

 


नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन शुक्रवार को नई दिल्ली में ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन’ (आईआईएमसी) के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पत्रकारिता विकसित भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और फर्जी खबरों के खिलाफ सत्य के लिए खड़े होने का आह्वान किया।

आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे सत्य और तथ्यों को प्राथमिकता दें। फर्जी खबरें और भ्रामक सूचनाएं लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती हैं। इनसे निपटने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने संस्थान के नए शैक्षणिक ब्लॉक और छात्रावास की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और संस्थान के कुलाधिपति अश्विनी वैष्णव तथा संस्थान की कुलपति डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्नातक विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

उल्लेखनीय है कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन देश का प्रमुख मीडिया शिक्षण संस्थान है, जो पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा