उपराष्ट्रपति, गृहमंत्री समेत कई नेताओं ने दी विश्व स्वास्थ्य दिवस की बधाई

 


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस (7 अप्रैल) के अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने मंगलवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अच्छा स्वास्थ्य एक खुशहाल, उत्पादक और समृद्ध समाज की नींव है। हम निवारक स्वास्थ्य देखभाल, संतुलित जीवन शैली और सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं तक समान पहुंच को बढ़ावा देकर एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अपने स्वास्थ्य कर्मियों के अथक समर्पण की भी सराहना करें जो करुणा और प्रतिबद्धता के साथ मानवता की सेवा करते हैं। सभी को अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली का आशीर्वाद मिले।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य एक विकल्प है जिसे हम उचित देखभाल के साथ बनाए रख सकते हैं। सभी पर्याप्त देखभाल, स्वस्थ भोजन की आदतों और नियमित व्यायाम के माध्यम से एक स्वस्थ और मजबूत समाज के निर्माण के लिए खुद को समर्पित कर सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विश्व स्वास्थ्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से संतुलित आहार, नियमित योग और व्यायाम को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

भाजपा के राष्ट्रीय संयोजक नितिन नवीन ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों को मजबूत करने, जागरूकता बढ़ाने और सभी के लिए संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। एक स्वस्थ समाज एक मजबूत राष्ट्र की नींव है और हम एक स्वस्थ और अधिक लचीला भारत बनाने की दिशा में काम करना जारी रखेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संस्कृत श्लोक के माध्यम से कहा कि शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्' एक समृद्ध एवं सशक्त राष्ट्र की संकल्पना तभी सिद्ध होती है जब हमारा मन, मस्तिष्क एवं शरीर स्वस्थ होता है। पीएम-जेएवाई, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना जैसी अनेक जीवन रक्षक एवं युगांतरकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच प्राप्त हो रहा है, आज 'नया भारत' स्वस्थ और समृद्ध बन रहा है। जीवन पद्धति को संयमित करें और 'स्वस्थ भारत-स्वस्थ उत्तर प्रदेश' सिद्धि के सूत्रधार बनें।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विश्व स्वास्थ्य दिवस की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक से स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है। यह अवसर हम सभी को बीमारियों से बचाव और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रयास में सहभागिता के प्रति जागरूक करता है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि आज के दिन हम स्वयं को और अपने परिवार को स्वस्थ रखने के साथ-साथ राजस्थान को 'स्वच्छ और रोगमुक्त' प्रदेश बनाने का संकल्प लें।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अच्छा स्वास्थ्य बेहतर जीवन की नींव की बात करते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस पर हम प्रत्येक नागरिक के लिए एक स्वस्थ, मजबूत दिल्ली बनाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस पर देशवासियों की निःस्वार्थ सेवा में समर्पित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को मेरा नमन। अच्छा स्वास्थ्य ही सच्ची समृद्धि है। एक ऐसा देश बनाएं जहां हर व्यक्ति को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, कोई पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रह जाए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी