स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति 5 से 7 अक्टूबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे

 

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन 5 से 7 अक्टूबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। राष्ट्रपति परमेलिन इससे पहले इसी वर्ष फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए भारत आ चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2016 और फिर 2018 में स्विट्जरलैंड की आधिकारिक यात्रा की थी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार 5 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति परमेलिन व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, गतिशीलता, संस्कृति और जन-जन संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा के लिए द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। वे बहुपक्षीय मंचों में सहयोग सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

राष्ट्रपति परमेलिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगी।

राष्ट्रपति परमेलिन की यह यात्रा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि वे 7 अक्टूबर को भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले दूसरे भारत-ईएफटीए समृद्धि शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ईएफटीए देशों में, स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश भागीदार है।

उल्लेखनीय है कि भारत और स्विट्जरलैंड के बीच दीर्घकालिक मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। यह यात्रा नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान को आगे बढ़ाते हुए द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी और पारस्परिक हित के नए क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा