उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण खेल 2026 का उद्घाटन किया
नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण खेल 2026 का उद्घाटन किया। यह आयोजन देशभर से प्रत्यारोपण प्राप्तकर्ताओं, दाताओं, स्वास्थ्य पेशेवरों, परिवारों और हितधारकों को एक साथ लाता है।
इस दौरान उपराष्ट्रपति ने दिवंगत अंगदाताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से गहरी संवेदना प्रगट की। उन्होंने कहा कि उनके निःस्वार्थ निर्णय से ही दूसरों को जीवन जीने का दूसरा मौका मिलता है। उन्होंने इन खेलों को साहस, दृढ़ संकल्प, करुणा और जीवन के अनमोल उपहार का उत्सव बताया।
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, लोकसभा सांसद बंसुरी स्वराज और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने ‘जिंदगी दोबारा’ कैलेंडर का विमोचन किया और जर्मनी के ड्रेसडेन में आयोजित विश्व अंग प्रत्यारोपण खेल 2025 के पदक विजेताओं को सम्मानित किया।
उपराष्ट्रपति 570 अंग प्रत्यारोपण प्राप्तकर्ताओं और दाताओं के एकसाथ ताड़ासन करने के विश्व रिकॉर्ड प्रयास के साक्षी बने। सफल प्रयास के बाद आयोजकों को विश्व अभिलेख पुस्तिका, नई दिल्ली की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। उपराष्ट्रपति ने सबके साथ अंगदान की शपथ ली और कबड्डी, टेबल टेनिस और बैडमिंटन के प्रदर्शनी मैचों को देखा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय प्रत्यारोपण खेल 2026 का आज से दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजन किया जा रहा है। रीनल केयर फाउंडेशन, सर गंगाराम अस्पताल और नोट्टो की ओर से आयोजित इस खेल महोत्सव में 570 अंग प्राप्तकर्ता खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ‘ज़िंदगी दोबारा’ का जश्न मनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा