नहीं रही बंगाली सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मिथु मुखर्जी

 


मुंबई, 21 सितंबर (हि.स.)। बंगाली सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का रविवार देर रात निधन हो गया। वह 71 वर्ष की थीं। करीब एक साल से कैंसर से जूझ रहीं अभिनेत्री का मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद बंगाली सिनेमा समेत पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। सितारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अभिनेत्री के निधन पर बंगाली अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी ने भी भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर मिथु मुखर्जी की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि उनके निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री की स्मृतियां और उनका काम हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेगा। प्रोसेनजीत ने उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भी मिथु मुखर्जी के निधन पर शोक जताया और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया। अभिनेत्री के निधन से उनके प्रशंसकों और सहकर्मियों के बीच गहरा दुख है। फिल्म जगत से जुड़े लोग उनके लंबे सिनेमाई सफर और अभिनय को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे