कल से होगी 'विकसित भारतः जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन' की शुरुआत

 


नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय माई भारत के साथ मिलकर शुक्रवार से एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल अभियान “विकसित भारत- जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन” की शुरुआत करने जा रहा है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार इस अभियान में युवाओं को केंद्र में रखते हुए उन्हें क्विज़, वीडियो चैलेंज तथा रचनात्मक प्रतियोगिताओं जैसी सहभागितापूर्ण गतिविधियों से जोड़ना और डिजिटल जन-आंदोलन का रुप प्रदान करना है।

इसके तहत 6 मार्च से “60 सेकंड फॉर माई विलेज” नाम से एक राष्ट्रीय स्तर की शॉर्ट वीडियो, रील, एनिमेटेड वीडियो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जा रहा है। यह पहल युवाओं को अपने गांव के विकास, रोजगार सृजन एवं आजीविका संवर्धन में अधिनियम की भूमिका को रचनात्मक रुप से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।

यह प्रतियोगिता 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए है। प्रतिभागी 30 से 60 सेकंड की अवधि का वीडियो किसी भी भारतीय भाषा में तैयार कर माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रविष्टि जमा कर सकेगा। वीडियो मोबाइल फोन, कैमरा अथवा एनिमेशन टूल्स की सहायता से बनाया जा सकता है।

युवा प्रतिभागी, अधिनियम के उद्देश्य एवं प्रमुख विशेषताएं, ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका सृजन में इसके लाभ, गांव के विकास एवं परिवर्तन में इसकी भूमिका, युवाओं एवं महिलाओं के लिए अवसर, विकसित भारत एट 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अधिनियम के योगदान तथा “मेरा गांव, मेरा भविष्य” - आत्मनिर्भर एवं विकसित गांव की परिकल्पना तथा ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के नवाचार जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति भी दे सकते हैं।

मंत्रालय के अनुसार “विकसित भारत - गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) या वीबी-जी राम जी अधिनियम के प्रति व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करना है। इस अभियान को “विकसित भारत-जी राम जी- युवा शक्ति, पंचायत की प्रगति” नाम दिया गया है।

मंत्रालय के अनुसार प्रतियोगिता में सभी पात्र प्रतिभागियों को डिजिटल सहभागिता प्रमाणपत्र दिया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र इत्यादि दिए जाएंगे तथा उन्हें ग्रामीण विकास मंत्री एवं मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद का अवसर भी प्राप्त होगा। विजेताओं का चयन विषय से संबद्धता, रचनात्मकता, मौलिकता तकनीकी गुणवत्ता, प्रभाव एवं दिशानिर्देशों के पालन के आधार पर किया जाएगा।

युवा प्रतिभागी, प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए क्यूआर कोड स्कैन कर सकते है या बेवसाइट पर मौजूद लिंक पर क्लिक कर अथवा माई भारत.गव. इऩ पर विजिट कर भाग ले सकते हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी