(अपडेट लीड) कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को उत्तराखंड में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरिद्वार से लेकर ऋषिकेश और प्रदेश के अन्य प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। हरिद्वार में ही मंगलवार शाम तक 38 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड समेत सभी प्रमुख घाटों पर पहुंचे। तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था, जो दिनभर जारी रहा।
पुलिस कप्तान नवनीत सिंह के अनुसार मंगलवार शाम छह बजे तक 38 लाख 90 हजार श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके हैं। अभी भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद दान-पुण्य किया और मंदिरों में पूजा-अर्चना की। स्नान के बाद घाटों पर दीपदान की परंपरा भी निभाई गई। घाटों के साथ ही मंदिरों और बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही।
कार्तिक पूर्णिमा का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु ने इसी दिन मत्स्य अवतार धारण किया था। इस कारण कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन गंगा स्नान, दीपदान और दान का विशेष फल मिलता है। कार्तिक माह को भगवान विष्णु और शिव दोनों का प्रिय माह माना जाता है।
पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री ने बताया कि ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। स्नान के बाद जरूरतमंदों को गुड़, तिल, अन्न और ऊनी वस्त्रों का दान शुभ माना गया है। दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान विष्णु और शिव की आराधना के साथ ही पितरों की शांति के लिए भी प्रार्थना की जाती है।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और पुलिस कप्तान नवनीत सिंह ने व्यवस्था की कमान संभाली। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही। हरकी पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, चिकित्सा शिविर और पेयजल की व्यवस्था की गई थी।
स्नान के मद्देनजर विशेष डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया। हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई, जबकि शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस तैनात रही। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते पूरा स्नान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मां गंगा के जयकारों और दीपदान के बीच पूरा शहर आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला