(अपडेट) विकसित भारत को आगे रख दीर्घकालिक निवेश पर विचार करे उद्योग जगत : प्रधानमंत्री

 




नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को देश के उद्योग जगत से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय यह तय करने का है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने दीर्घकालिक निवेश निर्णय में भारत प्रथम को सोच का आधार बनाना होगा। देश के आत्मनिर्भर बनने पर व्यापार के नए अवसर खुलेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज उद्योग संघ फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का दिल्ली के भारत मंडप में उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार को दोस्त सरकार के तौर पर प्रस्तुत करते हुए उद्योग जगत से कहा कि वे सुधारों पर बिना झिझक अपनी राय प्रकट करें। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के अनुभव के कारण उद्योग जगत अपनी राय प्रकट करने में संकोच करता है। उन्होंने कहा, “पुरानी सरकारों का उद्योग जगत का अनुभव इतना खट्टा है कि उसका खामियाजा मुझे भुगतना पड़ रहा है। यह पुरानी सरकार नहीं है, यह दोस्त सरकार है। यह दोस्ती निभाना जानती है और आप मेरे सच्चे दोस्त हैं। इसलिए बिना संकोच, बिना झिझक, मुझे खुलकर लिखकर भेजिए कि अभी भी क्या सुधार जरूरी है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग जगत को यह विचार करना चाहिए कि भारत में कौन-से ऐसे निर्माण घटक हैं जिनका भारत में ही निर्माण एवं उत्पादन संभव है। उन्होंने इस संदर्भ में फार्मा उद्योग का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में ‘फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड’ कहते हैं, इसके बावजूद भारत हर साल एपीआई, बल्क ड्रग्स और ड्रग्स इंटरमीडिएट्स का बिलियंस ऑफ डॉलर का इंपोर्ट करता है। उन्होंने कहा, “ऐसी सैकड़ों कैटेगरी हैं, जिनमें हम आज इंपोर्ट पर निर्भर हैं। हमारी फार्मा इंडस्ट्री को समझना होगा कि ऐसे कौन-से इंग्रेडिएंट्स हैं, जिन्हें हम भारत में बना सकते हैं। किन क्षेत्रों में नई टेक्नोलॉजी और बड़े प्रोडक्शन प्लांट में इन्वेस्ट करके हम दूसरे देशों के सामने कॉम्पिटिटिव बन सकते हैं?”

उन्होंने उद्योग जगत से ईमानदारी से आत्मचिंतन करने का भी सुझाव दिया और कहा कि हमें अपनी क्षमताओं को पहचानना चाहिए। अपनी कमियों से सीखना चाहिए और लगातार बेहतर बनने का प्रयास करना चाहिए। वैश्विक ग्राहकों की ज़रूरतों को समझने, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ढलने और वितरण नेटवर्क बनाने में निवेश करें। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों को ऐसा बाज़ार न समझें जहाँ कुछ भी बिक जाएगा। आज भी विक्रेता ग्राहकों को यह कहकर आश्वस्त करते हैं कि ‘यह एक्सपोर्ट क्वालिटी का है।’

इसके अलावा उन्होंने उद्योग जगत से सरकारी छूट का लाभ कर्मचारियों तक पहुंचाने का भी कहा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स की मूल दर को 2014 में 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया और आज 12 लाख रुपये तक की कमाई पर कोई आयकर नहीं है। इस संदर्भ में उन्होंने पूछा, “क्या आपने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया या और स्टाफ नियुक्त किया? हमने रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया को भी सरल बनाया है, पहले आठ महीने लगते थे लेकिन अब रिफंड एक हफ्ते के अंदर मिल जाता है।”

उन्होंने कहा कि हमने लाइसेंस-कोटा राज, राष्ट्रीयकरण का असफल प्रयोग और फिर 21वीं सदी में एक ऐसा दौर देखा जब भारतीय अर्थव्यवस्था को 'कमजोर पांच' अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाने लगा। हालांकि, पिछले 12 वर्षों में देश की जनता ने इस स्थिति को बदलने के लिए अथक परिश्रम किया है। हमारे युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत से जुड़े आप सभी ने इस परिवर्तन में योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से आग्रह किया कि उन्हें भारत के कृषि क्षेत्र में अपना निवेश बढ़ाना चाहिए। स्पेसिफिक ओवरसीज मार्केट को ध्यान में रखकर डिपेंडेबल प्रोक्योरमेंट की व्यवस्था बनानी चाहिए और ऐसे प्रोडक्ट बनाइए जिनकी वहां डिमांड है, ताकि भारत के प्रोडक्ट्स दुनिया में हमारी पहचान बन सकें।

फिक्की के 100 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी संस्था का 100 वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को आगे बढ़ाना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था की यात्रा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सामूहिक प्रयास से बहुत कुछ हासिल किया है। आज भारत में प्रगति की गति बहुत तेज है। साथ-साथ गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी बहुत तेज है। वर्ल्ड बैंक की जो ताजा रिपोर्ट आई है, वह हम सभी को गर्व से भरने वाली है। यह रिपोर्ट कहती है कि सिर्फ 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को पराजित किया है।

उन्होंने कहा कि फिक्की भी इस बात का साक्षी है। यह दिखाता है कि भारत आज जिस दिशा में चल रहा है, वह सही, सटीक है और उसमें देश की सफलता की गारंटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा