(अपडेट) झारखंड में मुठभेड़ में घायल चार जवानों को हेलीकॉप्टर से लाया गया रांची

 


रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में घायल सीआरपीएफ कोबरा 205 बटालियन के चार जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया। सभी इलाज राज अस्पताल में जारी है। घायलों में बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश, शैलेश कुमार दूबे, प्रेमचंद दास और जितेन्द्र कुमार रॉय शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक सभी जवानों की स्वास्थ्य की स्थिति स्थिर है।

सीआरपीएफ के अधिकारियों के अनुसार जितेन्द्र कुमार रॉय के बायें पैर में और शैलेश कुमार दूबे की गर्दन में गोली लगी है जबकि प्रेमचंद दास के घुटने के नीचे गोली लगी है। सत्य प्रकाश को स्प्लिंटर इंजरी है।

उल्लेखनीय है कि सुरक्षाबलों को नक्सली मूवमेंट की सूचना मिली थी। पता चला था कि कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा अपने दस्ते के साथ इलाके में सक्रिय है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा 205 बटालियन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान जंगल में नक्सलियों से आमना-सामना होते ही दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी की चपेट में आकर घायल हो गए जबकि अन्य जवान मुठभेड़ घायल हुए हैं। उधर, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

सीआरपीएफ के आईजी साकेत कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल चार जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया है। चारों की स्थिति स्थिर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे