अपडेट- स्वाति मालीवाल की घटना पर अखिलेश यादव का बयान शर्मनाक - वीरेन्द्र सचदेवा

 


नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। दिल्ली भाजपा ने समाजवादी पार्टी (सपा ) नेता अखिलेश यादव के बयान को शर्मनाक बताया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि अखिलेश यादव के लिए नारी सम्मान और अभिमान की बात करना सिर्फ दिखावा है। यह शर्मनाक है कि वे एक महिला के सम्मान की बात को गैरजरूरी समझते हैं।

उल्लेखनीय है कि एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में जब स्वाति मालीवाल से जुड़े सवाल पूछे जाने लगे तो केजरीवाल कन्नी काट गए और बचाव में अखिलेश यादव ने माइक संभाल लिया। उन्होंने सबसे पहले यही कहा कि इससे भी ज्यादा जरूरी और चीजें भी हैं।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने गुरुवार को मीडिया में दिए अपने बयान में कहा कि महिला के साथ मारपीट पर सवाल गैरजरुरी सवाल कैसे हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में एक ऐसी ही घटना सामने आई थी तो उस वक्त अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव ने भी बेतुका जवाब दिया था कि लड़कों से ऐसी गलती हो जाती है।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आज अरविंद केजरीवाल और उनके सभी नेता चुप्पी साधकर बैठे हैं। दूसरी तरफ संजय सिंह ताल ठोककर बोल रहे थे कि अरविंद केजरीवाल के आवास पर घटना हुई है, वह पूरी तरह झूठ साबित हो रहा है। केजरीवाल ने अभी तक इस घटना पर न ही कोई संज्ञान लिया है और न ही बिभव कुमार के खिलाफ कार्रवाई की, उल्टा उन्हीं के साथ लेकर घूम रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लखनऊ एयरपोर्ट पर अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और बिभव कुमार के साथ घूमने की तस्वीर सामने आई है। जिसे संजय सिंह खुद अपराधी मान रहे हैं उसी को साथ लेकर घूम रहे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नारी की सम्मान और अभिमान की बात करना सिर्फ दिखावा है क्योंकि आम आदमी पार्टी का चरित्र बिल्कुल इससे विपरीत है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के नोटिस के बाद अब हम उम्मीद करते हैं कि अरविंद केजरीवाल अपने सहयोगी बिभव को नहीं बचा पाएंगे और स्वाति मालीवाल की घटना का सच सबके सामने आएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/जितेन्द्र