उप्र का मौसम : भीषण गर्मी व लू की चपेट में प्रदेश , 24 जिलों में आंधी बारिश की संभावना

 


54 जिलों में लू का अलर्ट, इनमें से 10 जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया

लखनऊ, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में तपिश बढ़ती जा रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने आमजन जीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर रखा है। मौसम विभाग ने रविवार काे प्रदेश के 54 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है और इनमें से 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट है। कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी भी दी गई है। स्थिति यह है कि सामान्य दिनों के मुकाबले सड़कों पर चहल पहल कम है और अधिकांश समय सन्नाटे जैसी स्थिति बनी रहती है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में मामूली उतार चढ़ाव की संभावना जतायी है।

उत्तर प्रदेश के लोगों को आज भी लू और गर्मी से राहत मिलने के आसार दिखते नजर नहीं आ रहे हैं। रविवार काे सुबह से ही गर्म हवाएं चल रही हैं और तेज धूप से लाेग बेहाल हाे रहे हैं। तापमान बढ़ता जा रहा है। शनिवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला एक बार फिर बांदा दर्ज हुआ था , जहां का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरे नंबर पर रहे प्रयागराज में 46 और झांसी में 44.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। आज 24 मई को भी तापमान की स्थिति में खास बदलाव नजर नहीं आ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार मध्य असम में एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, जिसके प्रभाव से दिल्ली से सटे जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की जा सकती है। माैसम विभाग ने प्रदेश के 54 जिलाें में लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें 10 जिलाें में रेड अलर्ट है। माैसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि माैसम में फिलहाल उतार चढ़ाव जारी रहेगा।

10 जिलों में रेड अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर एवं आसपास के क्षेत्र।

23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के क्षेत्र।

21 जिलों में येलो अलर्ट

आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज एवं आसपास के क्षेत्र।

24 जिलों में आंधी-बारिश, बिजली का अलर्ट

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल एवं आसपास के क्षेत्र।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह