(लीड ) उप्र : हवाओं के नरम रुख से गर्मी से मामूली राहत, कई जिलाें में आंधी—बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी
लखनऊ, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम के बदले रुख से भीषण गर्मी और हीट वेव से परेशान लोगों को गुरुवार से राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और गरज-चमक बज्रपात हाेने संभावना जताई है। ऐसा हाेने से तापमान गिरेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि आज बुंदेलखंड व प्रयागराज में लू और तपिश बनी हुई है।
मौसम विभाग ने आगरा, मेरठ, कानपुर, हमीरपुर, बांदा समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी और तपिश से झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद दिख रही है। गुरुवार को लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है और हवाओं के रुख में भी नरमी दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार से 31 मई के बीच तेज आंधी और बारिश की संभावना नजर आ रही है। इतना ही नहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। ऐसा होने से प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी और इस बदलाव से एक सप्ताह तक लू और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल जाएगी। फिलहाल बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड व प्रयागराज में लू और तपिश महसूस की जा रही है।
चलेंगी 60 से 100 किमी की गति से हवाएं
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार पाश्चिमी उत्तर प्रदेश में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की तेज हवाओं का अनुमान है। अगले 48 घंटों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कुछ इलाकों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी चलने की संभावना जतायी गयी है। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ओर से आगामी सात दिनों 28 मई से तीन जून तक के मौसम की भविष्यवाणी की गयी है। इसमें एक जून तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं—कहीं गरज चमक के साथ बौछारें, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अनुमान है जबकि दो व तीन जून को मौसम शुष्क रहने की संभावना जतायी गयी है।
लखनऊ में तीन डिग्री पारा गिरा
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मौसम गर्म और शुष्क है। आज तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और 38 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने का अनुमान हे। हालाँकि रात के समय मौसम बदल सकता है और गरज के साथ बारिश या आंधी-तूफान की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह