(लीड) उप्र में मानसून के सक्रिय होते ही नोएडा से लखनऊ तक झमाझम बारिश, जनजीवन प्रभावित

 




लखनऊ , 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने से बारिश का दौर शुरु हो गया है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ, नोएडा समेत पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में जमकर बारिश हुई। हालात यह है कि कई शहरों में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। कहीं-कहीं जनहानि भी हुई है। हालांकि इस बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, पश्चिमी यूपी के लिए रेड अलर्ट भी जारी हुआ है।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर से मानसून सक्रिय हो गया और फिर पूरे शहर जमकर बारिश हुई है। तेज बारिश से शहर में जगह-जगह जल जमाव हो गया और लोग सड़क पर भरे पानी में चलने को मजबूर हुए। शहर के पुराने इलाके चौक में घरों तक पानी घुसने लगा जबकि सदर बाजार के सदर के आजाद मोहाल में बड़ा पेड़ गिरा गया। बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई और कई जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश हुई है। गुरुवार सुबह से शुरु हुई बारिश नोएडा, गाजियाबाद समेत 50 जिलों में रुक रुक कर दिन भर हाेती रही। नोएडा में बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया जबकि गाजियाबाद में सड़क धंस गई। वहीं बुलंदशहर में दुकानों और घरों में पानी घुस गया। बिजनौर जिले के नजीबाबाद शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर की प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। इसी प्रकार जलेसर, संभल, आगरा, मवाना, तिलहर, मुजफ्फनगर, नराेरा, जनसठ में भारी वर्षा हुई है। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा चित्रकूट में 72.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 7.1 मिमी से 925 प्रतिशत ज्यादा है।

प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के इस हिस्से में 9 से 11 जुलाई के बीच कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 12 और 13 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही, तेज बिजली कड़कने की भी चेतावनी है। मौसम विभाग की ओर से संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को भी इस बाबत जानकारी भेजी गयी है ताकि समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

इसके पहले बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई ओर इससे जनजीवन प्रभावित हुआ; आगरा एक दुकान ढहने से मलबे में 6 लोग मलबे में दब गए। बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसी प्रकार मथुरा में भी बारिश के बीच एक जर्जर मकान की दीवार ढहने से 3 लोग घायल हो गए। प्रयागराज में खेत में काम कर रहे दो लोगों की करंट की चपेट आ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह