नेपाल के 20 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने उप्र विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात
लखनऊ, 27 अप्रैल (हि.स.)। भारत भ्रमण पर आए नेपाल के 20 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। इस दौरान महाना ने कहा कि भारत और नेपाल के मध्य प्राचीनकाल से ही घनिष्ठ एवं आत्मीय संबंध रहे हैं, जो धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आधार पर निरंतर सुदृढ़ होते रहे हैं।
विस अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी विषय को प्रस्तुत करने से पूर्व उसकी पूर्ण एवं सत्य जानकारी का परीक्षण आवश्यक है। वर्तमान समय में टीआरपी की प्रतिस्पर्धा के कारण नकारात्मकता को प्रमुखता दिए जाने की प्रवृत्ति चिंताजनक है, जबकि मीडिया का दायित्व समाज में संतुलित एवं सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करना है। उन्होंने मीडिया की भूमिका को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि इसकी जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेषकर संसद एवं विधानसभा की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष दोनों की समान भूमिका होती है तथा अध्यक्ष दोनों के प्रति समान रूप से उत्तरदायी होता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा पूर्णतः आधुनिक एवं डिजिटल स्वरूप में विकसित हो चुकी है, जहां पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ कार्य संपादित किए जा रहे हैं।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा भवन का विस्तृत भ्रमण किया। विभिन्न स्थलों का अवलोकन किया। इसके उपरांत अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिनिधिमंडल को विधानमंडल की कार्यप्रणाली, विधि-निर्माण प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
नेपाल का 20 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर है और विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला