(राउंडअप) प्रधानमंत्री मोदी ने नक्सलवाद से मुक्ति दिलाई, जम्मू-कश्मीर से हटाया अनुच्छेद 370: राजनाथ सिंह
-प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ- काशी-वडनगर के बीच बाइक यात्रा,कार्यक्रम में जुटे दिग्गज राजनेता
वाराणसी, 17 सितंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि भविष्य में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विरासत लिखी जाएगी तो उसमें नक्सलवाद से निपटने, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और युवाओं के सपनों को अवसर देने का भी उल्लेख होगा। उन्होंने कहा कि महान नेता लोगों को स्वावलंबी बनाता है और प्रधानमंत्री मोदी ने इसी दिशा में काम किया है।
राजनाथ सिंह वाराणसी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
काशी-वडनगर को जोड़ने वाली यात्रा
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि काशी और वडनगर को जोड़ने वाली यह यात्रा प्रधानमंत्री की जन्मभूमि को उनकी कर्मभूमि से जोड़ने वाली यात्रा है। एक ओर काशी है, जहां से उनके सार्वजनिक जीवन को नई ऊर्जा मिली, जबकि दूसरी ओर वडनगर है, जहां उन्हें मां हीराबेन के संस्कार और आशीर्वाद मिले। उन्होंने इसे सेवा, संस्कार और साधना के संगम की यात्रा बताया।
रक्षा मंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत के हाथ से कई अवसर निकल जाते थे। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन सरकारों को अपनी कुर्सी बचाने की चिंता रहती थी। सेमीकंडक्टर उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया की एक बड़ी चिप निर्माता कंपनी भारत में फैक्टरी लगाना चाहती थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उसे दो बार अनुमति नहीं दी, जिससे देश ने रोजगार का बड़ा अवसर खो दिया।
मोबाइल की टॉर्च जलाकर दी जन्मदिन की बधाई
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया के बड़े नेताओं से मुलाकात के दौरान उन्हें भारत में बने उत्पाद उपहार में देते हैं। उन्होंने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन को वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी से बना पिकॉक ब्रोच दिए जाने का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने उपस्थित लोगों से मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देने का आह्वान किया।
विरासत और विकास के समन्वय का संदेश : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी से वडनगर तक की यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’, विरासत और विकास का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी तथा अपने प्रत्येक पड़ाव पर सेवा और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी।
योगी ने कहा कि नया भारत विकास के साथ अपनी विरासत और सांस्कृतिक पहचान का भी सम्मान कर रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर, मीरजापुर में विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, केदारपुरी, बद्रीनाथ धाम, महाकाल लोक और 2025 के प्रयागराज महाकुंभ का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था अब दुनिया की शीर्ष चार अर्थव्यवस्थाओं में खड़ी है और देश में विरासत तथा विकास का समन्वय दिखाई दे रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर, विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर तथा कुंभ आयोजनों को इसका उदाहरण बताया।
250 बाइक पर 500 यात्री जाएंगे वडनगर : पंकज चौधरी
भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि काशी से 250 बाइक पर 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर जा रहे हैं। इसी तरह 250 बाइक पर 500 यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर वडनगर से काशी आएंगे। सात अक्टूबर को वडनगर में बाबा हाटकेश्वर को जल अर्पित किया जाएगा और काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।
उन्होंने कहा कि यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले इसके मार्ग में होंगे। प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा के दौरान वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रत्येक पड़ाव पर 15 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी, स्थानीय नेताओं से संवाद होगा और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया जाएगा।
भारत की नई पहचान का दावा : चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि देश में पहले भी सरकारें रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को देश और विदेश में नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री ने अपनी सोच को विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित किया है और आज दुनिया की नजर भारत पर है।
पासवान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी केवल प्रधानमंत्री का नाम नहीं, बल्कि भारत के सम्मान और गौरव का नाम है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी यात्रा प्रधानमंत्री के साथ 12 वर्ष पहले शुरू हुई थी और मोदी ने उन्हें लगातार प्रोत्साहित किया।
काशी की धरती पर खड़ा होना गर्व का क्षण : चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि काशी की धरती पर खड़ा होना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने काशी को प्राचीन नगरी बताते हुए कहा कि यह नई सोच देती है। उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा की यात्रा दिखाई है और देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
नायडू ने किसानों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तकनीक के प्रति समझ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है।
चंद्रबाबू नायडू ने वाराणसी में बड़ी संख्या में लोगों के आने का जिक्र करते हुए यहां बालाजी मंदिर बनाने की इच्छा भी जताई और इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी