काशी तमिल संगमम के 5वें संस्करण का उद्घाटन आज, उपराष्ट्रपति पहुंचे वाराणसी, सीएम योगी ने किया स्वागत

 


वाराणसी, 28 नवम्बर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को अपने दौरे पर वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महापौर अशोक तिवारी, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका काफिला शहर के लिए रवाना हुआ। उपराष्ट्रपति नमोघाट पर काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण आगामी 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम की थीम तमिल के महान प्राचीन ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' की शिक्षाओं पर आधारित है। आयोजन के तहत तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1,750 प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे। तमिलनाडु से 200 प्रतिनिधियों का पहला समूह शुक्रवार रात विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंच चुका है। आगामी दिनों में बाकी प्रतिनिधियों के भी अलग-अलग समूहों में पहुंचने का कार्यक्रम है।

इस बार संगमम के माध्यम से तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए तमिलनाडु से हिंदी जानने वाले 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के विद्यार्थियों को इस प्राचीन तमिल ग्रंथ की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन इस कार्यक्रम के संचालन में सहयोग करेंगे। इसके अलावा देशभर के करीब एक हजार शैक्षणिक संस्थानों के एक-एक विद्यार्थी अपनी-अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और इसकी शिक्षाओं को अपने-अपने संस्थानों तक पहुंचाएंगे।

काशी तमिल संगमम के आयोजन में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और आईआईटी-बीएचयू प्रमुख शैक्षणिक साझेदार हैं। तमिलनाडु से आने वाले सात समूहों के लिए 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक बीएचयू परिसर में विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य शामिल होंगे। इस दौरान प्रतिनिधि विभिन्न विषयों पर संवाद, चर्चा और ज्ञान साझा करने की गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।

तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधियों के खानपान के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों को इडली, सांभर, नारियल की चटनी, उपमा, रसम, लेमन राइस और दही-चावल जैसे पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे जाएंगे। खास बात यह है कि इन व्यंजनों को तैयार करने के लिए तमिलनाडु से ही रसोइये, मसाले और अन्य जरूरी सामग्री मंगाई जाएगी।

काशी तमिल संगमम में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को वाराणसी के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा उन्हें प्रयागराज और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों को देखने का अवसर भी मिलेगा। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीएचयू के भारत कला भवन में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का भी उद्घाटन करेंगे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी