वाराणसी : अनंत अंबानी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्नपूर्णा मंदिर में लगाई हाजिरी
—युवा उद्योगपति अनंत को देख श्रद्धालुओं ने हर—हर महादेव का किया उद्घोष
वाराणसी, 16 जून (हि.स.)। देश के जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे व रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत एम. अंबानी ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्नपूर्णा मंदिर में हाजिरी लगाई। कड़ी सुरक्षा के बीच अनंत अंबानी ने मां अन्नपूर्णा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता का दर्शन पूजन किया। मंदिर के पीठाधीश्वर की देखरेख में दर्शन पूजन के बाद अनंत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। बाबा के दरबार में अनंत ने विधि विधान से बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का षोडशोपचार विधि से पूजन अर्चन किया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में अनंत को देख कर शिवभक्तों ने हर—हर महादेव के उद्घोष से उनका स्वागत किया। अनंत अंबानी भी हाथ जोड़ कर बाबा के भक्तों के प्रति सम्मान दिखाते रहे। बाबा का दर्शन् पूजन कर आह्लादित अनंत ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर मैं धन्य हो गया। बाबा के दर्शन पूजन के लिए अनंत अंबानी चार्टर्ड प्लेन से बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आए। एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से दर्शन पूजन के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम आए। स्वभाव से धार्मिक अनंत अंबानी देश के विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए अक्सर जाते रहते है। ब्राउन विश्वविद्यालय से स्नातक अनंत एम. अंबानी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड, रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड और रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड में कार्यरत हैं। अनंत एम. अंबानी डिजिटल कनेक्टिविटी, उपभोक्ता परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भारत की कुछ सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहलों का नेतृत्व कर रहे हैं। व्यवसाय से अलग भी अनंत अंबानी ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण और करुणापूर्ण संरक्षण के प्रति असाधारण प्रतिबद्धता के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे गुजरात के जामनगर में 3,000 एकड़ के हरे-भरे पारिस्थितिकी तंत्र में फैले एक अग्रणी वन्यजीव बचाव, पुनर्वास और संरक्षण अभियान, वंतारा के संस्थापक हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी