सोनभद्र में मिट्टी का टीला ढहा, मलबे में दबकर तीन महिलाओं की मौत व दाे घायल

 


सोनभद्र, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में म्योरपुर थाना अंतर्गत ग्राम किरवानी में सोमवार सुबह मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मलबे में दबने से मौत हो गई। इस हादसे में दो महिलाएं घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा ने बताया कि होली से पहले अपने कच्चे घरों की लिपाई-पुताई करने के लिए कुछ महिलाएं सफेद मिट्टी लेने गयी थीं। टीले के पास मिट्टी खुदाई करने के दौरान अचानक मिट्टी का टीला ढह गया और उसमें महिलाएं दब गईं। इसकी सूचना पर ग्रामीण एकत्र होगए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जेसीबी और लोगों की मदद से मलबे में दबीं महिलाओं को निकाल कर म्योरपुर सीएचसी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो महिलाओं का इलाज चल रहा है।

एसपी वर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान कमरुद्दीन की पत्नी सदीकुन्निशा (30), मिराज की पत्नी अनिशा ख़ातून (20) और देवबरन की पत्नी सीता (28) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रेस्क्यू पूरा कर लिया है। अब मिट्टी में किसी के दबे होने की आशंका नहीं हैं। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए वन विभाग से सहयोग लेकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी