बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, तीन की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

 


लखनऊ, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर में साेमवार एक सड़क हादसे में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे तीन परीक्षार्थियों की मौत हो गई, जबकि एक साथी छात्र घायल हुआ है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह दढ़ियाल क्षेत्र के चार छात्र बोर्ड परीक्षा देने बाइक से दढ़ियाल से टांडा परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे। रास्ते में आगे चल रहे ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे पीछे आ रही बाइक सवार छात्र ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गये। इस हादसे में तीन छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथे छात्र बादल की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलने पुर

पुलिस माैके पर पहुंची और छात्रों की पहचान अरुण, विनय और मनु के रूप में हुई है। विनय और मनु दढ़ियाल क्षेत्र के निवासी थे। दोनों पड़ोसी और किसान परिवार से थे। एक साथ दोस्तों की मौत से गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर

ट्राॅली काे कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने व्यक्त की संवेदना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर के थाना टांडा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने आधिकारिक माध्यमों से मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों का इस तरह असमय जाना अत्यंत कष्टदायक है। सरकार इस दुख की घड़ी में परिजनों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया है कि इस मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने का आदेश

मुख्यमंत्री योगी ने रामपुर के जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राहत कार्यों में तेजी लाई गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा है कि वे परिजनों से संपर्क कर उन्हें ढांढस बंधाएं और पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को बिना किसी विलंब के पूरा कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह