प्रयागराज में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

 


प्रयागराज, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के हीवेट रोड साऊथ मलाका मोहल्ले में घर के अन्दर एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई। मंगलवार को घर से दुर्गन्ध आने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी के शरीर पर चोंट के निशान पाए गए हैं। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) अजय पाल शर्मा ने हत्या की पुष्टि की।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित साउथ मलाका हीवेटरोड निवासी वीरेन्द्र कुमार वैश्य (७२), उनकी पत्नी अनीता वैश्य (६५), पुत्री मीनाक्षी (४२) और बेटा अभिषेक (३८) का शव पाया गया है। सभी के शरीर पर चोंट के निशान दिखाई दे रहे हैं।

पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि रविवार से ही घर के एक भी सदस्य नहीं दिखाई दिए। मंगलवार को जब दुर्गन्ध आने लगी तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सहित पुलिस टीम एवं फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। दम्पति का शव दूसरी मंजिल पर और बेटी का शव भू-तल पर पाया गया। बेटे अभिषेक का शव दुकान के अंदर पाया गया।

पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि सम्पत्ति को लेकर रंजिश थी। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। सभी पहलुओं की जांच जारी है। खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई है। चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल