(लीड) मथुरा में गौ-संवर्धन से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास, शिवराज बोले- गौ-आधारित खेती से किसानों को होगा लाभ

 








मथुरा, 28 नवम्बर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मथुरा के गऊ ग्राम परखम स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में गौ-संवर्धन, आयुर्वेद, अनुसंधान और शिक्षा को समर्पित विभिन्न प्रकल्पों तथा पुस्तकों का विमोचन, लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गौ-आधारित प्राकृतिक खेती और पशुपालन छोटी जोत वाले किसानों की खेती को लाभकारी बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे कृषि लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

समारोह का शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी, केंद्रीय मंत्री चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज और श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज ने गौ-पूजन के साथ किया। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया गया। संत समाज ने अपने आशीर्वचन में भारतीय संस्कृति में गौ-सेवा, पंचगव्य और आयुर्वेद के महत्व को राष्ट्र उत्थान का आधार बताया।

समारोह में अतिथियों ने गऊ ग्राम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) डिप्लोमा पाठ्यक्रम तथा इससे जुड़ी प्रो. के.एम.एल. पाठक की पुस्तक/पाठ्यक्रम का विमोचन किया। साथ ही प्रो. डॉ. धु्रव कुमार और शोधार्थी मेघना पाट्याल द्वारा लिखित पुस्तक द काऊ रिसर्च मॉलिक्यूलर एस्पेक्ट्स का भी विमोचन किया गया। इसके अलावा अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नन्दीश्वर छात्रावास का लोकार्पण एवं आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा 2 बीएचके आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छोटी जोत वाले किसानों की खेती को लाभकारी बनाने के लिए लागत घटाना और उत्पादन बढ़ाना जरूरी है, जिसका सशक्त माध्यम गौ-आधारित प्राकृतिक खेती और पशुपालन है। नव-उद्घाटित प्रयोगशाला की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां पंचगव्य के वैज्ञानिक प्रमाण जुटाने के साथ वनस्पतियों से गौमाता के लिए सुपर फूड तैयार किया जा रहा है। उन्होंने ब्रजवासियों और किसानों से घर-घर गौ-पालन करने, प्राकृतिक खेती अपनाने और गांवों को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौ-माता का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से है। उन्होंने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के हरिपुर कालसी स्थित यमुना तट के नवनिर्मित भव्य घाट पर आने का आमंत्रण भी दिया।

समारोह में शामिल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी ने कहा कि यह प्रकल्प देश ही नहीं, बल्कि विश्व के लिए परिवर्तनकारक सिद्ध हो सकता है और आधुनिक प्रयोगशाला के माध्यम से पारंपरिक पशु चिकित्सा का वैज्ञानिक वैधीकरण होगा।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा को अनूठा बताते हुए पंचगव्य व गौ-आधारित जीवनशैली के स्वास्थ्य लाभों का उल्लेख किया।

अखिल भारतीय गौसेवा संयोजक श्याम लाल ने गोबर-गौमूत्र आधारित जैविक खेती, गोबर गैस व सीबीजी ऊर्जा तथा पंचगव्य उत्पादों के जरिए रोग मुक्त, कर्ज मुक्त और रोजगार युक्त भारत के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए।

समारोह में संतों के साथ केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, लक्ष्मी नारायण चौधरी, योगेंद्र उपाध्याय, धर्मपाल सिंह, डॉ. दिनेश कुलकर्णी, प्रवीण रामदास, डॉ. उमेश चंद्र शर्मा और समिति के अध्यक्ष महेश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार