कौशाम्बी सड़क हादसे के आठ मृतकों की हुई पहचान, घायलों का उपचार जारी

 


प्रयागराज, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सैनी थाना क्षेत्र के अजुआ पेट्रोल पंप के समीप हुए सड़क हादसे में सभी आठ मृतकाें की पहचान कर ली गई है। फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के निवासी है। इस हादसे में घायल लाेगाें का उपचार जारी है।

शुक्रवार देर शाम पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आठ एम्बुलेंस लगाई गईं। अस्पताल ले जाते समय आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे बाद में पुलिस ने हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में मृत लोगों की पहचान करा ली गयी है। हादसे में फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी सुखरानिया (65)पत्नी मुन्ना, जाफरगंज के कोरौली गांव निवासी दरसनिया(68) पत्नी बाबूलाल, गांव एवं थाना उपरोक्त निवासी राजकुमारी (35)पत्नी रामखेलावन, कल्लो (22) निवासी उपरोक्त, गुड़िया(27) पत्नी मुकेश, फतेहपुर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गज्जा का पूरा डेरा गांव निवासी ध्रुव (7) पुत्र मोहन, जाफरगंज थाना क्षेत्र के करौली गांव निवासी मयंक (10) पुत्र मुकेश और जाफरगंज थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी अनुज (8) पुत्र लखन के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी मिश्रा ने बताया कि घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल