यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने किए महाकाल के दर्शन
भोपाल, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और दिल्ली सरकार के गृहमंत्री आशीष सूद ने शनिवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचकर वश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से दोनों नेताओं का सम्मान किया गया।
यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को दोपहर में उज्जैन पहुंचे और ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर ब्रजेश पाठक का स्वागत एवं सत्कार किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री पाठक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बाबा महाकाल के नगरी उज्जैन में बाबा की कृपा से आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बाबा के अद्भुत अलौकिक दर्शन हुए हैं। प्रभु की कृपा उत्तरप्रदेश वासियों पर बनी रहे, सबके जीवन में कल्याण आए, सबका जीवन सुखमय बने, निष्कंटक बने। ऐसे में प्रभु के चरणों में प्रार्थना करता हूं।
वहीं, दिल्ली सरकार में गृह, शिक्षा, विद्युत, शहरी विकास, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने भी शनिवार को उज्जैन पहुंचकर ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन लाभ लिए। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैं मध्य प्रदेश प्रशासन, मध्य प्रदेश सरकार और महाकाल मंदिर प्रशासन को बहुत साधुवाद देता हूं। बहुत अद्भुत, बहुत उत्तम, बहुत सफाई के साथ, बहुत स्वच्छता के साथ यहां की व्यवस्थाएं हैं।
उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन पर्व के दिनों में सौभाग्यशाली हूँ कि मुझे बाबा महाकाल के दर्शनों का अवसर प्राप्त हुआ। मैंने देश के सभी नागरिकों के लिए, दिल्ली के सभी नागरिकों के कुशलक्षेम की उनके उत्तम भविष्य की कामनाएं की है। बाबा महाकाल सभी का भला करें। दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी द्वारा सूद का स्वागत एवं सत्कार किया गया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर