उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर में चार बच्चों की हत्या
अम्बेडकर नगर, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मोहल्ले में चार बच्चों के खून से लथपथ शव मिले। घटना के बाद से बच्चों की मां लापता है। पुलिस को शुरुआती तौर पर शक है कि महिला ने ही अपने चारों बच्चों की हत्या की होगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि अकबरपुर क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले का नियाज (42) सऊदी अरब में रहकर काम करता है। उसकी पत्नी गासिया खातून (37) चार बच्चों शफीक (14), सउद (10), उमर (8) और बेटी बयान बानो (7) के साथ यहां रहती थी। शनिवार दोपहर तक महिला के घर का दरवाजा नहीं खुला तो आस-पड़ाेस के लोगों को शक हुआ। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची तो खून से लथपथ चारों बच्चों के शव पड़े मिले। इसके बाद फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारी भी माैके पर पहुंचे। घटना के बाद से महिला लापता है। आशंका जताई जा रही है कि अपने ही बच्चाें की हत्या कर महिला फरार हाे गयी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथमदृष्टया लगता है कि महिला ने ही अपने चारों बच्चों की हत्या की है और फरार हो गयी है। फिलहाल पुलिस फाॅरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की तलाश की जा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक