'वारिस पंजाब दे' का एक और सक्रिय आरोपित जोगा सिंह गिरफ्तार
-अमेरिकी नागरिक को बिना वीजा भारत में प्रवेश दिलाने की साजिश का आरोप
-फर्जी दस्तावेज और 31 हजार नगद बरामद
बहराइच, 25 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ मामले में उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की रूपईडीहा पुलिस ने शनिवार को वारिस पंजाब दे संगठन के सक्रिय सदस्य जोगा सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने संगठन के अन्य सदस्यों और स्थानीय सहयोगियों की मदद से अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों को बिना वैध वीजा भारत में प्रवेश कराने की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को भारत-नेपाल सीमा स्थित रूपईडीहा चेक पोस्ट पर रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने वारिस पंजाब दे के सदस्य विक्रमजीत सिंह, अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों तथा सीमा पार कराने में सहयोग करने वाले तीन स्थानीय नागरिकों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ के दौरान जोगा सिंह की भूमिका सामने आई, जिसके बाद वह फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर शनिवार को पुलिस ने उसे सीमांत इंटर कॉलेज मोड़, रूपईडीहा के पास से दबोच लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में जोगा सिंह ने स्वयं को वारिस पंजाब दे संगठन का सक्रिय सदस्य बताया और कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी है। पुलिस काे गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से 31 हजार नगद, पांच आधार कार्ड, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, दो पैन कार्ड तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने दावा किया है कि वर्ष 2023 के चर्चित अजनाला थाना कांड के बाद फरार संगठन प्रमुख अमृतपाल सिंह को फरारी के दौरान पीलीभीत में शरण देने के आरोप में भी जोगा सिंह के खिलाफ पंजाब के होशियारपुर जिले में पहले से मुकदमा दर्ज है। वह उस मामले में गिरफ्तार भी हो चुका है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले उसने संगठन के सदस्य विक्रमजीत सिंह को नेपाल भेजने में मदद की थी। वहीं हालिया मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार कर अमेरिकी नागरिक को भारत में प्रवेश दिलाने की योजना बनाई गई थी।
थानाध्यक्ष हरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि जोगा सिंह के खिलाफ रूपईडीहा थाने में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। अभियुक्त से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों, विक्रमजीत सिंह और तीन स्थानीय आरोपियों राहुल कुमार, सुरेश कुमार पाठक तथा दिलीप पाठक उर्फ राहुल पाठक को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA