उप्र कैबिनेट का फैसला : प्रधानमंत्री मोदी के नाम से जाना जाएगा जेवर एयरपोर्ट

 


लखनऊ, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक हुई। जिसमें जेवर एयपोर्ट का नाम बदलने के फैसले को मंजूरी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया है।

लोक भवन में आज आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा कार्यों का हार्दिक अभिनंदन करती है। वे उत्तर प्रदेश से ही जनप्रतिनिधि होकर देश का नेतृत्व कर रहे हैं। कैबिनेट ने जेवर एयरपोर्ट का नाम बदल कर नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश का रिश्ता बेहद आत्मीय है। काशी और मां गंगा से आरंभ हुआ आत्मीय सम्बंध समय के साथ निरंतर गहरा हुआ और आज राज्य के सर्वांगीण कायाकल्प का आधार बना है। केंद्र और राज्य के साझा संकल्प और टीम इंडिया भावना के साथ उत्तर प्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

कैबिनेट में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास प्राधिकरणों हेतु मॉडल भवन विनियम, 2026 के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में प्रस्ताव पास हुए है। इनके अलावा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के अन्तर्गत धान क्रय नीति का निर्धारण, उत्तर प्रदेश स्टार्टअप क्रय योजना-2026, उत्तर प्रदेश आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस मिशन की स्थापना, जनपद भदोही का नाम परिवर्तित कर संत रविदासनगर भदोही सहित उत्तर प्रदेश ब्याज माफी योजना-2026 लागू किये जाने के सम्बन्ध में प्रस्ताव पास हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक