(अपडेट) प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर काशी से वडनगर के लिए रवाना हुए 500 बाइकर्स, प्रत्येक पड़ाव पर हाेंगी विविध सेवा गतिविधियां
-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिखाई हरी झंडी-17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प’ अभियान
वाराणसी, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के तहत गुरुवार को काशी से 500 बाइकर्स वडनगर के लिए रवाना हुए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में 250 बाइक पर सवार युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
काशी से वडनगर के लिए 10 अलग-अलग मार्गों पर यात्रा शुरू हुई। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, यात्रा संयोजक एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, आंध्र प्रदेश के सांसद लवु श्रीकृष्ण और सतीश बाबू तथा भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश भाई पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
10 राज्यों के 193 जिलों से गुजरेगी यात्रा
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाली ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ में देशभर के 500 से अधिक युवा हिस्सा लेंगे। यात्रा 20 मार्गों से होकर 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी। प्रत्येक पड़ाव पर करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी तरह वडनगर से वाराणसी की ओर भी बाइकर्स यात्रा करेंगे।
सेवा और स्वच्छता पर रहेगा जोर
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने कहा कि यह आयोजन केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि वाराणसी से वडनगर तक की यह यात्रा सेवा और समर्पण की भावना को युवा शक्ति के संकल्प में बदलने का प्रयास है।
हेमांग जोशी ने बताया कि तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर समेत देश के विभिन्न हिस्सों से युवा यात्रा में शामिल होंगे। अलग-अलग भाषाओं, क्षेत्रों और संस्कृतियों से आने वाले युवा एक साथ सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे।
यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर वृक्षारोपण, सेवा वाटिका, स्वच्छता अभियान, नशामुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, साधु-संत सम्मान, सफाई कर्मचारियों का सम्मान, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
डॉ. जोशी ने कहा कि यात्रा का संदेश है “स्वागत फूल-मालाओं से नहीं, सेवा और स्वच्छता से होगा।” इसी उद्देश्य से ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल शुरू की गई है। इसके तहत यात्रा के किसी स्थान पर पहुंचने से दो दिन पहले स्थानीय भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
काशी और वडनगर के बीच जुड़ेगा आस्था का सेतु
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गंगा, यमुना, आमी, राप्ती, नर्मदा, गोमती, बेतुआ, अलकनंदा, कुआनो, वरुणा और सरयू सहित विभिन्न नदियों एवं संगमों का जल एकत्रित किया गया है। यह जल यात्रा के दौरान वडनगर ले जाकर भगवान हाटकेश्वर को अर्पित किया जाएगा।
इसी प्रकार वडनगर से वाराणसी आने वाली यात्रा के दौरान विभिन्न नदियों का जल काशी लाकर श्रीकाशी विश्वनाथ को समर्पित किया जाएगा। काशी से रवाना होने से पहले श्रीकाशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया, जबकि वडनगर पहुंचने पर श्री हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा।
यात्रा एक साथ दो दिशाओं- वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर- में निकलेगी। इसके लिए 20 अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिनके नाम भारत की पवित्र नदियों के नाम पर रखे गए हैं।
‘मोदी-योगी के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना सौभाग्य’
झारखंड से यात्रा में शामिल सेवा यात्री प्रदीप मुखर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि झारखंड से 17 लोगों का दल वाराणसी से वडनगर तक की यात्रा में शामिल है।
कानपुर के सेवा यात्री रजत मिश्रा ने कहा कि सेवा यात्रा की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपनी इच्छा से इसके लिए आवेदन किया था। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी