जनजातीय कल्याण योजनाओं की प्रगति की गुवाहाटी में हुई समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर
गुवाहाटी, 30 जून (हि.स.)। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम की अध्यक्षता में मंगलवार को गुवाहाटी में मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के कल्याण एवं विकास से संबंधित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति का आकलन करना तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय करना था।
बैठक में असम सरकार के मंत्री डॉ. रणोज पेगू सहित केंद्रीय एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान राज्य में संचालित जनजातीय कल्याण योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन तथा आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित निगरानी तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। बैठक में शिक्षा के अवसरों का विस्तार, रोजगार के नए साधनों का सृजन, कौशल विकास कार्यक्रमों को गति देने तथा दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देने तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की गई।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश