मोगा में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का काफिला पुलिस ने रोका

 


- पुलिस से तीखी बहस के बाद आगे जाने की मिली अनुमति

चंडीगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। मोगा में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब स्थानीय पुलिस ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले को शहर के प्रवेश द्वार पर रोक दिया। बिट्टू मोगा सदर थाना परिसर में बुधवार को हुए हमले के बाद हालात का जायजा लेने जा रहे थे।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उनके काफिले को लुधियाना-मोगा मार्ग पर रोक दिया। शहर के प्रवेश द्वार पर भारी बेरिकेडिंग की गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। काफिला रोके जाने के बाद मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, उनके समर्थकों और ड्यूटी पर तैनात उप पुलिस अधीक्षक जतिंदर सिंह गिल के बीच तीखी बहस हुई। बिट्टू ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह थाने में हुए धमाके के बाद स्थिति जानने आए हैं, ऐसे में उन्हें रोका जाना उचित नहीं है।

काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस अधिकारियों ने बेरिकेड हटाए और बिट्टू के काफिले को मोगा सदर थाना जाने की अनुमति दे दी। बिट्टू ने कहा कि वह पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताने मोगा पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गैंगस्टर और फिरौती मांगने वाले तत्व बेखौफ हो गए हैं। बिट्टू ने कहा कि जब पुलिस थाने ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH