मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्थापित किया विकास, विश्वास और आत्मविश्वास का नया युग: धर्मेंद्र प्रधान
भोपाल, 13 जून (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विकास, विश्वास और आत्मविश्वास का नया युग स्थापित किया है। प्रधानमंत्री बिना भेदभाव अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास को पहुंचा रहे हैं। उनके नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण में आप सभी देशवासी गिलहरी की भूमिका निभाएं।
केंद्रीय मंत्री प्रधान शनिवार को भोपाल के भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और आत्मविश्वास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपने कार्यों को समाज के सामने प्रस्तुत कर रही है। पिछले 12 वर्षों में देश ने राजनीतिक स्थिरता, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन का अनुभव किया है, जिसके परिणामस्वरूप भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया। बिना किसी भेदभाव के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास को पहुंचाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि जनधन खाते, आधार और मोबाइल तकनीक के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है।
आधारभूत संरचना और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। हवाई अड्डों, सड़कों, रेलवे, मेट्रो नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में भी भारत ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, आईआईटी, आईआईएम और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप शिक्षा और कौशल प्रदान किए जा रहे हैं। स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल भुगतान, विनिर्माण और तकनीकी विकास के क्षेत्र में भारत ने नई पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि आज देश का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है। स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार की संस्कृति ने भारत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने अपनी वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए न केवल अपने नागरिकों को रिकॉर्ड समय में टीके उपलब्ध कराए, बल्कि अनेक देशों की भी सहायता की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की अवधारणा को आगे बढ़ाया गया है। शिक्षा, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों और आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है।
विकसित भारत-2047 के निर्माण में जनभागीदारी आवश्यक है
केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर प्रबुद्धजनों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं का सशक्तिकरण ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र सरकार की योजनाओं ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत आज केवल अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक कल्याण और मानवता के हित में कार्य करने वाला राष्ट्र बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर विकास, लोकतंत्र और मानव कल्याण का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के निर्माण के इस महाअभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं।
प्रधानमंत्री मोदी के सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को भोपाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत पौधारोपण कर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया। इसके पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रधान व प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने स्व-सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों के संवाद कार्यक्रम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह जनजातीय संग्रहालय में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत पौधारोपण कर चित्रकला प्रतियोगिता में सहभागिता कर संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर