रेल मंत्री से मिले पुष्कर सिंह धामी, नई रेल सेवाओं और लंबित परियोजनाओं में तेजी का किया आग्रह

 


-मुंबई-देहरादून वंदे भारत सहित कई रेल प्रस्तावों पर रेल मंत्री का सकारात्मक रुख

देहरादून, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रेल भवन नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य में रेल संपर्क के विस्तार,लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी और नई रेल सेवाएं शुरू करने सहित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की। रेल मंत्री ने प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, हरिद्वार, ऋषिकेश, कैंची धाम, जागेश्वर धाम तथा वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ के मद्देनजर राज्य में आधुनिक और सुदृढ़ रेल नेटवर्क का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने मुंबई-देहरादून के बीच वंदे भारत अथवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू करने और मुंबई-हरिद्वार और मुंबई-रामनगर रेल सेवाओं की आवृत्ति बढ़ाने का अनुरोध किया। साथ ही देहरादून-कोटा रेल सेवा को सूरत, वडोदरा और मुंबई तक विस्तारित करने तथा हरिद्वार-मुंबई एवं रामनगर-मुंबई रेल सेवाओं को नियमित अथवा सप्ताह में कम से कम तीन दिन संचालित करने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित करने, किच्छा-सितारगंज-खटीमा नई रेल लाइन की पूरी लागत केंद्र सरकार की ओर से वहन करने और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर शीघ्र रेल संचालन शुरू कराने का भी अनुरोध किया। उन्होंने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण के तहत रायवाला-देहरादून खंड का लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने और हरिद्वार, हर्रावाला, देहरादून, खटीमा, लक्सर, रुड़की, टनकपुर और बनबसा रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण एवं विस्तार का भी मुद्दा उठाया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने टनकपुर से संचालित त्रिवेणी एक्सप्रेस, मथुरा एक्सप्रेस और दौराई एक्सप्रेस का बनबसा स्टेशन पर अल्पकालिक ठहराव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा से सटे इस क्षेत्र में सेना की मौजूदगी और स्थानीय लोगों की सुविधा को देखते हुए यह आवश्यक है। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने खटीमा-मझोला पीलीभीत रेलखंड पर रेलवे फाटक संख्या-18 सी को जनहित में पुनः खोलने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि फाटक बंद होने से स्थानीय लोगों, किसानों और पर्यटकों को कठिनाई हो रही है। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर भी सकारात्मक सहमति जताई।

रेल मंत्री वैष्णव ने मुख्यमंत्री की ओर से रखे गए अन्य प्रस्तावों पर भी सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय