मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का किया आह्वान
लखनऊ, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन, लखनऊ में उत्तराखंड महापरिषद द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव 2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में निवास कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक रूप से हम कहीं भी रहें, लेकिन अपनी मातृभूमि, अपनी बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव सदैव बनाए रखना चाहिए। अपनी जड़ों से जुड़कर रहना हमारी भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन सम्मेलनों के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे उत्तराखण्ड के प्रवासियों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभवों, ज्ञान, कौशल, निवेश और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यकुशलता से उत्तराखण्ड का नाम रोशन करते हैं। मुख्यमंत्री ने उनसे अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में भी योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के आपसी संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश हमारा सहोदर भाई है। दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक कॉरिडोर, एयरपोर्ट, निवेश अनुकूल नीतियों और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड मिलकर पर्यटन, धार्मिक यात्रा, व्यापार, उद्योग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में नई संभावनाओं को साकार कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और उत्तराखण्ड के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में सड़क, रेल, हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार और विभिन्न रोपवे परियोजनाएं उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी उपस्थित थे।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन