पीपलकोटी सुरंग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11, घायल रोहित ने एम्स ऋषिकेश में दम तोड़ा

 


चमोली, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले में हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में घायल एक और श्रमिक की बुधवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। मृतक श्रमिक की पहचान रोहित के रूप में हुई है। वह हादसे में घायल होने के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश में उपचाराधीन था। बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

राज्य आपदा परिचालन केन्द्र की ओर से बुधवार काे प्रेस विज्ञप्ति के जरिए बताया गया कि निर्माणाधीन सुरंग में 13 अगस्त को पानी और मलबा आने से हादसा हुआ था। दुर्घटना के बाद टनल में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर तलाश एवं बचाव अभियान चलाया गया था। अभियान में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ,आईटीबीपी, सेना और अन्य बचाव दलों ने हिस्सा लिया। हादसे के बाद कई श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी के मायापुर स्थित टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद करीब 117 घंटे तक चला तलाश एवं बचाव अभियान मंगलवार को पूरा हो गया। सुरंग में पानी रिसने और भूस्खलन के कारण कई श्रमिक अंदर फंस गए थे। हादसे में 11 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। सुरक्षित निकाले गए श्रमिकों में शामिल रोहित की बुधवार सुबह एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय