रुड़की वाटर कॉन्क्लेव 2026 का सफल समापन

 




हरिद्वार, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(आईआईटी) रुड़की एवं राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान, रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय “रुड़की वाटर कॉन्क्लेव 2026” का समापन बुधवार शाम को आईआईटी परिसर में हुआ। यह त्रिदिवसीय सम्मेलन जल सहयोग, जल गुणवत्ता, सीमा पार नदी प्रबंधन तथा सतत विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।

समापन सत्र में सम्मेलन के संयोजक प्रो. आशीष पांडेय ने तकनीकी सत्रों, मुख्य व्याख्यानों, विशेष सत्रों तथा समानांतर सत्रों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं ने जल संरक्षण एवं प्रबंधन से जुड़े विषयों पर अपने शोध और विचार साझा किए।

आईआईटी रुड़की के कार्यवाहक निदेशक प्रो. आर. डी. गर्ग ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन वैज्ञानिक अनुसंधान और व्यावहारिक समाधान के बीच समन्वय स्थापित करते हैं। राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान के कार्यवाहक निदेशक ए. आर. सेंथिल ने संस्थागत सहयोग को भविष्य के लिए उपयोगी बताया। जर्मनी से पधारी प्रो. निकोला फोहरर ने वैश्विक जल सहयोग पर बल दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट मौखिक एवं पोस्टर प्रस्तुतियों को पुरस्कृत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला